उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

परिषदीय शिक्षकों को जल्द मिलेगी विभिन्न पंजिकाओं से मुक्ति डिजिटलाइज किए जाएंगे सभी रजिस्टर

गुरुजी जल्द ही स्कूल की विभिन्न पंजिकाओ के भरने के झंझटों से मुक्त हो जाएंगे। रजिस्टर पर न प्रतिदिन अपनी हाजिरी लगाने की समस्या रहेगी और न ही बच्चों की हाजिरी लगाने के लिए कक्षा तक रजिस्टर लादकर ले जाने की मजबूरी होगी।

Story Highlights
  • शिक्षकों-अधिकारियों को दी जाएगी इसकी विशेष ट्रेनिंग

अमन यात्रा, लखनऊ/कानपुर देहात। गुरुजी जल्द ही स्कूल की विभिन्न पंजिकाओ के भरने के झंझटों से मुक्त हो जाएंगे। रजिस्टर पर न प्रतिदिन अपनी हाजिरी लगाने की समस्या रहेगी और न ही बच्चों की हाजिरी लगाने के लिए कक्षा तक रजिस्टर लादकर ले जाने की मजबूरी होगी। मिड डे मील के रजिस्टर को अलग से संभाल कर रखने की समस्या से भी मुक्ति मिल जाएगी। अब यह सारे कार्य मोबाइल एप के जरिये होगें।

जी हां, मोबाइल पर ही उपस्थिति दर्ज होगी। मोबाइल पर ही शिक्षक डायरी भरी जाएगी। स्टॉक पंजिका, आय-व्यय पंजिका आदि भी उसी पर भरी जाएगी। मतलब यह कि बेसिक शिक्षा विभाग पेपरलेस बनने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी में है। जानकारों की मानें तो मिशन प्रेरणा-टू के तहत प्राथमिक विद्यालयों में उपयोग हो रहे 12 रजिस्टरों को ऑनलाइन करने की तैयारी की गई है। इसमें मोबाइल पर एक ऐप तैयार किया गया है।

बेसिक के विद्यालयों में डिजिटल पठन-पाठन की व्यवस्था के बाद अब यहां के आवश्यक दस्तावेज व सभी पंजिकाओं को भी डिजिटलाइज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन ने विद्यालयों में प्रयोग किए जाने वाले 12 रजिस्टर को डिजिटल करने का निर्देश दिया है। आगे चलकर इन रजिस्टर पर ऑनलाइन रियल टाइम अपडेशन किया जाएगा।

आदेश के मुताबिक विद्यालय में प्रयोग किए जाने वाले उपस्थिति रजिस्टर, प्रवेश रजिस्टर, कक्षावार छात्र उपस्थिति रजिस्टर, एमडीएम रजिस्टर, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर डिजिटलाइज किया जाएगा। इसके अलावा आय-व्यय व चेक जारी करने वाला रजिस्टर, बैठक रजिस्टर, निरीक्षण रजिस्टर, निरीक्षण रजिस्टर, पत्र व्यवहार रजिस्टर, बाल गणना रजिस्टर पुस्तकालय व खेलकूद रजिस्टर को डिजिटलाइज किया जाएगा।

इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर के नाम से नया मॉड्यूल विकसित करेगा। इन रजिस्टर के ऑनलाइन होने के बाद इनके प्रयोग के लिए शिक्षकों व अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डिजिटल रजिस्टर का प्रयोग जिस दिन से प्रभावी होगा उस दिन से इनमें सभी एंट्री ऑनलाइन की जाएंगी जबकि पूर्व के अभिलेख विद्यालय स्तर पर ही संरक्षित किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा है कि शिक्षक व प्रधानाध्यापक डिजिटल रजिस्टर एप का प्रयोग अपने मोबाइल / स्मार्टफोन से करते हुए सभी सूचनाओं को अपलोड करेंगे। बीईओ, बीएसए, सीडीओ, डीएम व राज्य स्तर के अधिकारी इससे संबंधित सूचनाओं को प्रेरणा एप पर देख सकेंगे। रजिस्टर के डिजिटल होने के बाद किसी भी तरह के रजिस्टर का प्रयोग विद्यालय या अन्य स्तर पर नहीं किया जा सकेगा।डिजिटल रजिस्टर में दर्ज सूचनाएं ही प्रामाणिक मानी जाएंगी। इससे पारदर्शिता आएगी और डाटा में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हो सकेगी।

रजिस्टर इस प्रकार हैं: उपस्थिति रजिस्टर, प्रवेश रजिस्टर, कक्षावार छात्र उपस्थिति रजिस्टर, शिक्षक डायरी, एमडीएम रजिस्टर, बैठक रजिस्टर, समेकित निःशुल्क सामग्री वितरण रजिस्टर, आय-व्यय पंजिका, चेक इश्यू रजिस्टर, स्टॉक पंजिका, निरीक्षण रजिस्टर, बाल गणना रजिस्टर, पत्र व्यवहार पंजिका तथा पुस्तकालय एवं खेलकूद रजिस्टर।

Related Articles

AD
Back to top button