कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में हाईवे पर तेल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

कानपुर देहात पुलिस ने हाईवे के किनारे खड़े वाहनों से डीजल/पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

भोगनीपुर। कानपुर देहात पुलिस ने हाईवे के किनारे खड़े वाहनों से डीजल/पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। भोगनीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। भोगनीपुर पुलिस टीम ने थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में यह सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इमरान (32) और अल्ताफ (45) के रूप में हुई है। दोनों आजाद नगर, अमरौधा, भोगनीपुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 100 लीटर चोरी का पेट्रोल, 29,500 रुपये नकद, एक चार पहिया वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इनमें खाली तेल की कैन, कीप, पाइप, पाना, रेंच और हथौड़ी शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे ज्यादा पैसे कमाने के लालच में हाईवे के किनारे खड़े वाहनों से डीजल और पेट्रोल चुराते थे। बाद में इस तेल को सस्ते दामों पर बेच देते थे। पिछली रात भी वे तेल बेचने के लिए अमरौधा मोड़ पर खड़े थे और मौका देखकर और तेल चुराने का इंतजार कर रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

आरोपी अल्ताफ का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ पहले भी भारतीय विद्युत अधिनियम और गौवध अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा और फरार आरोपी आफताब की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

AD
Back to top button