उपजिलाधिकारी ने तहसील भोगनीपुर में सुनीं शिकायतें, 05 शिकायतों का निस्तारण
शेष के लिए गठित की गई टीम

कानपुर देहात: भोगनीपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने जनसुनवाई की।इस दौरान शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया गया वहीं कुछ शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।शनिवार को भोगनीपुर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जहां पर दूरदराज के गांवों से पहुंचे कुल 93 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।सर्वाधिक शिकायतें जमीनी विवाद मामलों से संबंधित दर्ज की गईं।उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने शिकायतों को सुना तथा 05 का निस्तारण मौके कराया।शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए गए।उपजिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों का अधिकारी,कर्मचारी मौके पर पहुंचकर समय रहते निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
प्राप्त शिकायतों का फीडबैक लिया जाएगा।शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस मौके पर तहसीलदार डॉक्टर प्रिया सिंह,नायब तहसीलदार सूर्यप्रकाश,खंड विकास अधिकारी मलासा संजय कन्नौजिया,एडीओ पंचायत अमरौधा अखिलेश कुमार,चिकित्साधीक्षक पुखरायां डॉक्टर अनूप सचान,प्रभारी चिकित्साधिकारी देवीपुर डॉक्टर विकास,पूर्ति निरीक्षक गौरव राजपूत समेत अधिकारी,कर्मचारी मौजूद रहे।



