कानपुर देहात : युवा व महिला मंगल दलों को मिली ‘खेल किट’, सीएम का संबोधन सुन युवाओं में भरा उत्साह
कानपुर देहात कलेक्ट्रेट में हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम; बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा- शासन की योजनाओं से गांवों में आया नया संचार
कानपुर देहात: माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में आज महिला व युवा मंगल दल के सदस्यों के साथ एक भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, रेणुका सचान ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर रूप से समाज के अंतिम पायदान तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश सर्वांगीण विकास की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं। महिला स्वावलंबन, युवाओं को सशक्त बनाने एवं खेलों को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे गांवों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद के युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, खेलकूद एवं जनजागरूकता अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शासन की मंशा है कि ये दल ग्राम स्तर पर सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनें। उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं का आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेश के क्रम में यह आयोजन पूरे प्रदेश में एकरूपता से किया जा रहा है। शासनादेश के अनुसार, युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल को खेल सामग्री वितरण के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य है, जिससे ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संगठित कर समाज के उत्थान में योगदान दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने कहा कि युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल आवश्यक हैं। शासन की मंशा है कि प्रत्येक गांव में युवा मंगल दल सक्रिय रहें और अपने स्तर पर सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने कहा कि यह पहल ग्रामीण अंचलों में खेल एवं सहभागिता की भावना को नई दिशा देगी। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने कहा कि युवाओं का संगठनात्मक विकास, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं को सतत सक्रिय रहने और अपने क्षेत्र में नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभागार में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा देखा और सुना गया। मा0 मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन ने सभी में उत्साह भर दिया।
उन्होनें युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ग्राम स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान कुल 74 युवा मंगल दल एवं 80 महिला मंगल दल को खेल किट वितरित की गईं। इनमें युवक मंगल दलों को वॉलीबॉल 5, एयर पम्प 1, फुटबॉल 5, फिटनेस ट्यूब 1 एवं वॉलीबॉल नेट 1 प्रदान किए गए, वहीं महिला मंगल दलों को वॉलीबॉल 5, एयर पम्प 1, फुटबॉल 5, स्किपिंग रोप 1 एवं वॉलीबॉल नेट 1 वितरित की गईं। खेल सामग्री प्राप्त कर सभी दलों के सदस्यों में अत्यंत उत्साह व खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रामजी मिश्रा, पूर्व जिला महामंत्री मलखान सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, जिला महामंत्री राम जी गुप्ता, जिला मंत्री कृष्ण प्रताप सिंह सहित युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को खेल, सेवा एवं जागरूकता की दिशा में सतत सक्रिय रहने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।



