ग्राम पंचायत कीरतपुर के मौजा चाहीपुर में बनेगा मिनी स्टेडियम : जिलाधिकारी
महर्षि वेदव्यास जन्मभूमि मंदिर में बनेगी लाइब्रेरी

- जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कालपी थाना दिवस में सुनी समस्याएं
- बोले जिलाधिकारी – पीड़ितों को मिलेगा न्याय, किसी का नहीं होगा शोषण
कालपी,जालौन: आज थाना दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिला अधिकारी राजेश कुमार पांडे ने कालपी के विकास हेतु ग्राम प्रधान पवनदीप निषाद की मांग पर ग्राम सभा कीरतपुर के मौजा चाहीपुर में खेल कूद हेतु मिनी स्टेडियम एवं महर्षि वेदव्यास मंदिर में लाइब्रेरी की मांग पर संबंधित लेखपाल से आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में आए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने वहां मौजूद पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधितों को आदेशित किया कि मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करें। उन्होंने कालपी की जनता को भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित व्यक्ति के साथ न्याय होगा और किसी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
कालपी के विकास हेतु जिलाधिकारी ने आगे कहा कि भारत सरकार से प्राप्त जीआई टैग एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओडीओपी में चयनित “हाथ कागज उद्योग” की प्रदर्शनी कालपी में दो स्थानों पर लगाई जाएगी — कानपुर की ओर से उरई जाते वक्त अमलतास तिराहे के पास तथा उरई की ओर से कानपुर जाते हुए मंडी गेट पर। इसके लिए नगर पालिका परिषद के ईओ अवनीश शुक्ला को आदेशित किया गया।
साथ ही, कालपी शहर में बैडमिंटन कोर्ट की व्यवस्था एवं ग्राम पंचायत कीरतपुर के ग्राम प्रधान पवनदीप द्वारा की गई मांग पर महर्षि वेदव्यास मंदिर में लाइब्रेरी और मौजा चाहीपुर में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव तैयार करने हेतु लेखपाल राघवेंद्र निरंजन को निर्देश दिए गए, जिन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर लोकप्रिय पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप, लेखपाल जितेंद्र कुमार, राघवेंद्र निरंजन, रवि कुमार, एसआई रामजीलाल, पुत्तू लाल आदि मौके पर मौजूद रहे।



