कानपुर देहात: घरेलू विवाद सुलझाने को भोगनीपुर थाने में ‘समझौता शिविर’ शुरू
प्रत्येक रविवार को होगा आयोजन, पहले दिन कई वैवाहिक विवादों का हुआ निस्तारण

सुनीत श्रीवास्तव, कानपुर देहात: जनपद के भोगनीपुर थाना क्षेत्र में आज रविवार को घरेलू विवादों और वैवाहिक मामलों के शांतिपूर्ण निस्तारण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। थाना भोगनीपुर में मध्यस्थता एवं समझौता शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ही घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवादों को समाप्त कराना है।
शिविर का सफल आयोजन
शिविर में आए दोनों पक्षों को ध्यान से सुना गया और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु मध्यस्थता की गई। इस प्रयास से कई विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस शिविर का आयोजन प्रत्येक रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस और न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही विवादों को आपसी सहमति से खत्म कराने का प्रयास करना है, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो सके और परिवारों में शांति बनी रहे।
सामूहिक सहभागिता
इस मानवीय पहल को सफल बनाने में पुलिस टीम और मीडिएशन एवं काउंसलिंग समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह, महिला आरक्षी स्नेहा यादव, समिति सदस्य एडवोकेट प्रशांत मिश्रा, समाजसेवी किरन सचान, इंटर कॉलेज पुखरायां के सहायक प्रवक्ता अनुज कुमार अग्निहोत्री, एडवोकेट साक्षी मिश्रा और समाजसेवी गुल्फसा मौजूद रहे। इन सभी ने मिलकर विवादों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



