कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

आंबेडकर मूर्ति: अतिक्रमण हटा, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मौके पर जाकर कराई सफाई

तहसीलदार पवन कुमार ने बताया कि आंबेडकर मूर्ति की स्थापना सन 1992 में कराई गई थी।

रनियां। कानपुर देहात की अकबरपुर तहसील के फतेहपुर रोशनाई गांव में स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति के आसपास किए जा रहे अवैध कब्जे और गंदगी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। मंगलवार को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, तहसील के आलाधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर अवैध कब्जा हटवाया और साफ-सफाई कराई।

कब्जे को लेकर विवाद

तहसीलदार पवन कुमार ने बताया कि आंबेडकर मूर्ति की स्थापना सन 1992 में कराई गई थी। मूर्ति के पास वर्षों पहले फतेहपुर रोशनाई निवासी दिवंगत गंगा राम को 150 वर्ग गज जमीन आवंटित की गई थी, जिस पर उनके परिवार ने पक्का मकान बना लिया है।

हाल ही में, दिवंगत गंगा राम की बेटी अमर कीर्ति द्वारा आंबेडकर मूर्ति के चारों ओर राखी (घास-फूस) डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इस अवैध कब्जे के कारण आधे से अधिक आंबेडकर मूर्ति दब गई थी और आसपास गंदगी भी फैलाई जा रही थी। गांव के कुलदीप प्रकाश, पवन प्रकाश, सतीश, राजेंद्र कुमार, रूबी, मोनी, अंजली, लाली आदि ने इस कब्जे का पुरजोर विरोध किया और इसकी शिकायत प्रशासन सहित राज्यमंत्री से की थी।

कब्जा मुक्त कराकर माल्यार्पण

गांव के लोगों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए, मंगलवार को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, तहसीलदार पवन कुमार, इंस्पेक्टर रीना गौतम सहित अन्य अधिकारियों और पुलिस बल ने मौके पर मोर्चा संभाला। उनके निर्देश पर अवैध कब्जे को तत्काल हटवाया गया और मूर्ति के आसपास साफ-सफाई कराई गई। कब्जा हटने के बाद सभी अधिकारियों ने मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि दिवंगत गंगा राम को आवंटित जमीन पर परिवार ने अपना हिस्सा बना लिया था, लेकिन अब आंबेडकर मूर्ति के आसपास जो अतिरिक्त कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, उसे खाली करा दिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि मूर्ति स्थल पर पक्का चबूतरा बनवाया जाएगा और रंगरोगन कराकर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।

Related Articles

AD
Back to top button