मजदूर को शराब पिलाई, फिर पीट-पीटकर ले ली जान! गैर इरादतन हत्या में वांछित 2 सगे भाई गिरफ्तार
रूरा पुलिस का 'ऑपरेशन क्रिमिनल': नहर पुल के पास से दबोचे गए आरोपी; मृतक के साथ ही करते थे मजदूरी

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना रूरा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं, जिन पर मजदूरी करने वाले अपने साथी को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप है।
यह है पूरा मामला
थाना रूरा में दिनांक 08.12.2025 को अजीत कुमार ने एक लिखित तहरीर दी थी। वादी ने बताया कि 07.12.2025 को गांव के ही राजकुमार और कुँवरलाल उसके भाई मुकेश कुमार को मजदूरी के लिए अपने साथ ले गए थे। पूरे दिन काम कराने के बाद, शाम को दोनों आरोपियों ने मुकेश कुमार को शराब पिलाई और फिर किसी बात को लेकर बुरी तरह मारपीट की। मारपीट के कारण मुकेश कुमार की इलाज के दौरान 08.12.2025 को मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना रूरा में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
मुकदमा पंजीकृत होने के बाद, रूरा पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली, जिसके आधार पर अभियुक्त राजकुमार (उम्र करीब 25 वर्ष) और कुँवरलाल (उम्र करीब 35 वर्ष) पुत्रगण राजनरायन को आज सिठमरा नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी ग्राम अडरेपुरवा बनीपारा, थाना रूरा के निवासी हैं। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।



