मिशन 2027 का शंखनाद: अखिलेश यादव के सिपाही हाजी फैजान खान ने भरी हुंकार कहा- बेरोजगारी मिटाना और न्याय दिलाना ही मुख्य लक्ष्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भोगनीपुर विधानसभा में आयोजित भव्य 'PDA प्रहरी रैली' ने क्षेत्र की राजनीतिक फिजा बदल दी है

(अमन यात्रा ब्यूरो) अनस कुरैशी,भोगनीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भोगनीपुर विधानसभा में आयोजित भव्य ‘PDA प्रहरी रैली’ ने क्षेत्र की राजनीतिक फिजा बदल दी है। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी फैजान खान के कुशल नेतृत्व में निकाली गई इस रैली ने न केवल कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा, बल्कि विपक्षी खेमों में भी हलचल पैदा कर दी है। रैली का औपचारिक शुभारंभ भोगनीपुर चौराहे से हुआ, जहाँ सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। ढोल-नगाड़ों की थाप और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” व “PDA एकता” के गगनभेदी नारों के साथ जब यह कारवां नगर के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरा, तो स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से इसका भव्य स्वागत किया।
हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर लौटे जिला उपाध्यक्ष हाजी फैजान खान ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और 2027 का रोडमैप साझा किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इस बार की रणनीति का मुख्य आधार पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी ‘PDA’ की मजबूती है। हाजी फैजान खान ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी एक नासूर बन चुकी है और युवा दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोले जाएंगे और समाज के हर वर्ग को बिना किसी भेदभाव के न्याय सुनिश्चित कराया जाएगा।
यह रैली भोगनीपुर की सड़कों पर एक जन सैलाब की तरह नजर आई, जिसने यह संदेश साफ कर दिया कि विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की पकड़ बेहद मजबूत हो चुकी है। भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पीडीए एकजुटता का संदेश पहुँचाया। इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र के कई दिग्गज नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के समापन पर हाजी फैजान खान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक 2027 में सपा की विजय पताका नहीं फहरा जाती।



