कानपुर देहात: स्वरोजगार की राह पर हरिश्चंद्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से मिली मदद
ब्लॉक अकबरपुर के मड़वाई गांव में खुला दोना-प्लेट का यूनिट
कानपुर देहात। मेहनत और मजबूत इरादों के आगे शारीरिक अक्षमता कभी बाधा नहीं बनती, इसे सच कर दिखाया है ब्लॉक अकबरपुर की ग्राम पंचायत मड़वाई निवासी हरिश्चंद्र ने। एक दिव्यांग और बेहद मेहनती व्यक्ति के रूप में पहचान रखने वाले हरिश्चंद्र ने अपने गांव में ही दोना और प्लेट बनाने के उद्यम का सफल शुभारंभ किया है। इस नई शुरुआत से न केवल वे स्वयं आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि गांव के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं।
हरिश्चंद्र ने इस उद्यम की प्रेरणा और तकनीकी बारीकियां आर-सेटी (R-SETI) से प्राप्त प्रशिक्षण के दौरान सीखीं। अपना खुद का काम शुरू करने के लिए उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत ऋण प्राप्त किया, जिससे उन्होंने मशीनरी और अन्य जरूरी संसाधनों का प्रबंध किया।
उद्यम के उद्घाटन समारोह के अवसर पर हरिश्चंद्र का उत्साह बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त स्वतः रोजगार गंगाराम, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री और आर-सेटी निदेशक मयंक कटियार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हरिश्चंद्र के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाकर कोई भी व्यक्ति स्वावलंबी बन सकता है। कार्यक्रम में आर-सेटी सदस्य पंकज कुमार, रोहित और शिवम भी मौजूद रहे।



