रनियां औद्योगिक क्षेत्र की पेपर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, टीनशेड जलकर खाक, लाखों का नुकसान
कचरा जलाकर आग ताप रहे थे मजदूर, तभी कबाड़ के ढेर ने पकड़ी आग, दमकल विभाग ने पाया काबू

कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। खानपुर खड़ंजा रोड पर स्थित ओंकारेश्वर पेपर फैक्ट्री में शनिवार दोपहर करीब 4:00 बजे भीषण आग लग गई। इस फैक्ट्री में कागज के गिलास बनाने का कार्य किया जाता है। आग लगने की घटना से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया।
हादसे का कारण: आग तापते समय भड़की लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कड़ाके की ठंड के कारण फैक्ट्री में मौजूद मजदूर नव निर्मित टीनशेड के अंदर कचरा जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान आग की चिंगारी पास में ही रखे कबाड़ के ढेर में जा गिरी और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भीषण थी कि नव निर्मित टीनशेड पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री कर्मियों ने निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल दमकल विभाग व पुलिस को सूचित किया। सूचना पर नायब तहसीलदार अकबरपुर, सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर रनियां शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। कानपुर से फैक्ट्री मालिक अजय अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
इंस्पेक्टर रनियां शिवनारायण सिंह ने बताया कि इस आगजनी में कोई भी जनहानि नहीं हुई है और सभी मजदूर सुरक्षित हैं। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा आग से लगभग 5 लाख रुपये की क्षति का प्रारंभिक आकलन किया गया है।



