पुखरायां: कुछ ही देर में पहुंचेंगे पूर्व राष्ट्रपति, मित्र के द्वार पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
दशकों पुरानी दोस्ती का मान रखने और अपने दिवंगत मित्र सतीश मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज पुखरायां आ रहे हैं।
सुनीत श्रीवास्तव, कानपुर देहात। दशकों पुरानी दोस्ती का मान रखने और अपने दिवंगत मित्र सतीश मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज पुखरायां आ रहे हैं। इस भावुक और गरिमामयी पल के लिए सतीश मिश्र का आवास पूरी तरह तैयार है। परिजन अपने पिता के अभिन्न मित्र और देश के पूर्व प्रथम नागरिक की अगवानी के लिए आतुर हैं।
अभेद्य सुरक्षा घेरे में पुखरायां, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
पूर्व राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल को देखते हुए कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल और सतीश मिश्र के आवास के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया विभाग की टीमें सादे कपड़ों में तैनात हैं। रूट डायवर्जन और सघन चेकिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सुरक्षा में कोई भी चूक न हो।
शांतनु मिश्र ने तैयारियों का लिया जायजा
सतीश मिश्र के पुत्र शांतनु मिश्र ने बताया कि परिवार और पूरे कस्बे के लिए यह एक अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद पूरे क्षेत्र में एंटी सबोटाज चेक और फ्लीट रिहर्सल की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। पुखरायां वासी अपने माटी के लाल और पूर्व राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं।



