कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण, दिलायी शपथ
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित।

- जिलाधिकारी द्वारा शहीद स्मारक स्थल, इको पार्क में शहीदों की मूर्तियों पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण नमन किया गया।
- जिलाधिकारी द्वारा बालक-बालिका साइकिल रेस प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
- जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अस्पताल में मनाया नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव, भर्ती मरीजों को मिष्ठान व फल किया वितरित, दी शुभकामनाएँ
कानपुर देहात। 77वाँ गणतंत्र दिवस जनपद कानपुर देहात में पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कैम्प कार्यालय व कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह द्वारा सराहा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है, जिसके मूल में न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के सिद्धांत निहित हैं। उन्होंने कहा कि आज देश ने आज़ादी के पश्चात विकास के अनेक पड़ाव तय किए हैं और निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम अपनी पहचान, संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ें और यह स्मरण रखें कि स्वतंत्रता सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके लिए हमारे पूर्वजों एवं अमर सपूतों ने असंख्य कष्ट सहे और सर्वोच्च बलिदान दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक तंत्र में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का यह कर्तव्य है कि वह अपने सभी कार्य संविधान की भावना एवं शासन की मंशा के अनुरूप करे।
किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक लोकतांत्रिक मूल्यों को क्षति पहुँचा सकती है। इसलिए हम सभी को अपने दायित्वों के प्रति सदैव सजग, उत्तरदायी एवं संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश तभी विश्व पटल पर अग्रणी बन सकता है, जब शासन, प्रशासन एवं नागरिक तीनों के प्रयास सामूहिक हों। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुँचाना ही सच्चे अर्थों में गणतंत्र को सशक्त बनाता है।
उन्होंने सभी से ईमानदारी, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा बालक-बालिका साइकिल रेस प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे युवाओं में खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संविधान के प्रति आस्था एवं कर्तव्यनिष्ठा पर अपने विचार व्यक्त किए गए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिलाधिकारी द्वारा शहीद स्मारक स्थल, इको पार्क पहुँचकर शहीदों की मूर्तियों पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण नमन किया गया।
तत्पश्चात जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया तथा बेबीकिट वितरित किया, साथ ही भर्ती मरीजों को मिष्ठान, फल वितरित कर उनसे संवाद स्थापित किया गया तथा गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं, जिससे मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक सरोकारों का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी के परिजनों में माता जी, धर्मपत्नी व बेटे ने भी प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एके सिंह, उप जिलाधिकारी शिखा संखवार, शालिनी उत्तम, उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव, जिला क्रीडाधिकारी नीलम सिद्दीकी सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



