मिशन शक्ति 5.0: बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और कानून की जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के तहत आज जनपद भर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करना और उन्हें स्वावलंबी बनाना है।
हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान जनपद के समस्त थानों की पुलिस ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर चौपालें लगाईं। महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन सेवा) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम और दहेज निषेध अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देकर सशक्त बनाया गया।
साइबर अपराधों से बचाव के सिखाए गुर
वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया। उन्हें सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक टिप्स दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने UPCOP ऐप के लाभ समझाते हुए अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डरे तत्काल पुलिस से संपर्क करें। इस अभियान में सैकड़ों महिलाओं और छात्राओं ने भाग लेकर अपनी सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे।
ये भी पढ़े- कानपुर : नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई तेज, 35 हजार मामलों का निस्तारण



