कानपुर देहात: मूसानगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत,एक गंभीर
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के मुगल रोड पर चपरघटा पुल के पास गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।हादसे में उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान मूसानगर थाना क्षेत्र के लवरसी गांव निवासी 26 वर्षीय कल्याण सिंह उर्फ कल्लू के रूप में हुई है।घटना उस समय हुई जब कल्याण सिंह अपने ममेरे भाई राघवेंद्र सिंह 24 वर्ष के बाद बाइक से घाटमपुर थाना क्षेत्र के तहरापुर गांव से अपने घर लौट रहे थे।तभी चपरघटा पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों की सूचना पर घायलों को तत्काल पुखरायां सीएचसी में भर्ती कराया गया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को मृत घोषित कर दिया।
जबकि राघवेंद्र सिंह की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।कल्याण सिंह की मौत से पिता शिव प्रसाद समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी रीना गौतम ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।हादसे में शामिल अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश कराई जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कल तहसील रसूलाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का होगा आयोजन



