कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: पंचायत सहायक/एकाउंटेंट–कम–डाटा एंट्री ऑपरेटर के 91 पदों पर चयन प्रक्रिया की समय सारिणी जारी

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है।

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में पंचायती राज विभाग, कानपुर देहात द्वारा जनपद की ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट–कम–डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर चयन हेतु समय सारिणी जारी कर दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी, विकास पटेल द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद में कुल 91 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार 07 मार्च 2026 से 10 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायतों द्वारा आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

इसके बाद 11 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर उनकी सूची संबंधित ग्राम पंचायतों को 26 मार्च 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके उपरांत ग्राम पंचायत द्वारा मेरिट सूची तैयार कर 02 अप्रैल 2026 से 08 अप्रैल 2026 के मध्य ग्राम पंचायत की खुली बैठक में अनुमोदन किया जाएगा।

इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा 09 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक अभिलेखों का परीक्षण एवं संस्तुति की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को 16 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 के मध्य ग्राम पंचायत द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया शासनादेश, दिनांक 25 जुलाई 2021 के क्रम में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर संबंधित ग्राम पंचायत या विकास खंड कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। इससे अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी अपने विकासखंड कार्यालय अथवा जनपद स्तर पर स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: वर्ष 2016 के चरस बरामदगी मामले में आरोपी को हुई कड़ी सजा

Related Articles

AD
Back to top button