कानपुर देहात: पुखरायां के कशिश और कन्हैया ने मारी बाजी अब राज्य स्तर पर बुलंद करेंगे आवाज
रामस्वरूप ग्राम उद्योग पीजी कॉलेज के छात्र युवा संसद भाषण प्रतियोगिता में हुए चयनित

पुखरायां (कानपुर देहात)। कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। अकबरपुर डिग्री कॉलेज में आयोजित ‘आपातकाल के 50 वर्ष’ विषय पर आधारित युवा संसद भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के चार छात्रों ने हिस्सा लिया। अपने ओजस्वी भाषण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कशिश कुशवाहा और कन्हैया का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
महाविद्यालय की टीम 25 मार्च 2026 को क्रीड़ा प्रशिक्षक संजय के नेतृत्व में अकबरपुर पहुंची थी। वहां विभिन्न महाविद्यालयों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में कशिश और कन्हैया ने अपनी तार्किक क्षमता और वाकपटुता से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनके चयन की खबर मिलते ही महाविद्यालय में हर्ष की लहर दौड़ गई।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह और प्रबंध समिति के मंत्री प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के शिक्षकों ने चयनित छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी। अब ये दोनों छात्र राज्य स्तर पर जनपद और अपने संस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ये भी पढ़े- जालौन: महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ते कदम मिशन शक्ति के तहत रन फॉर एंपावरमेंट का आयोजन



