कानपुर देहात: घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक फरार
घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कानपुर देहात। जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर टप्पेवान गांव में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घर के बाहर खेल रही एक दो वर्षीय मासूम बच्ची अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर टप्पेवान निवासी विक्रांत सिंह की 2 वर्षीय पुत्री जाह्नवी शनिवार शाम करीब 6 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम जाह्नवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक चालक वाहन लेकर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेश कुमार दुबे और चौकी प्रभारी उमेश शर्मा तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच पड़ताल की और परिजनों को ढांढस बंधाया। थाना प्रभारी महेश कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की टीमें फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



