जिलाधिकारी कपिल सिंह के कड़े तेवर: भोगनीपुर तहसील दिवस में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।

- जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भोगनीपुर तहसील में 123 शिकायतों को सुना और 5 का तुरंत निस्तारण कराया।
- अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में बैठने के निर्देश।
- भूमि विवादों के निपटारे के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम का होगा गठन।
भोगनीपुर, कानपुर देहात। कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
तहसील दिवस के दौरान कुल 123 मामले सामने आए जिनमें से 5 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद के जटिल प्रकरणों के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को जर्जर और लटके हुए तारों को तत्काल ठीक करने तथा गौशाला नोडल अधिकारियों को निरीक्षण रिपोर्ट पेश करने की जिम्मेदारी सौंपी। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय सहित जिले के सभी आला अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : कक्षा एक और दो के लिए आई एनसीईआरटी आधारित आनंदमय गणित



