कानपुर देहात: डेरापुर मे क्षेत्र पंचायत की बैठक बनी खानापूर्ति, जनसमस्याओं पर नहीं हुई ठोस चर्चा
बैठक से नदारद रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास।

डेरापुर: ब्लॉक परिसर में बुधवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक औपचारिकता बनकर रह गई। बैठक में करीब 2.15 करोड़ रुपये के विकास प्रस्ताव पारित किए गए, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर गंभीर चर्चा नहीं हो सकी। भीषण गर्मी के बीच ब्लॉक परिसर में लगा वाटर कूलर खराब होने से लोगों को गर्म पानी पीना पड़ा, जिससे फरियादियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रूबी दुबे ने की। बैठक में खंड विकास अधिकारी संजू सिंह, एडीओ पंचायत अश्वनी कुमार, एडीओ आईएसबी मनोज कुमार, जिला पंचायत सदस्य महबूब खान, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार, पूर्ति निरीक्षक राजेश श्रीवास, सीडीपीओ सरोज निगम तथा समाज कल्याण विभाग की सुपरवाइजर प्रिया कटियार मौजूद रहीं। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और समस्याओं पर उपस्थित लोगों से चर्चा की।
विकास कार्यों के प्रस्ताव तो तेजी से पास हुए, लेकिन पेयजल, सफाई, सड़क, बिजली जैसी अहम जनसमस्याएं पीछे छूट गईं। बैठक में जिन विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति रही, उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर खंड विकास अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी तक मामला पहुंचाने की बात कही गई। प्रधान संघ अध्यक्ष सोबरन सिंह यादव व क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय सिंह यादव ने भी जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अधिकारियों की अनुपस्थिति और क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया।
वर्तमान सांसद प्रतिनिधि हिम्मत सिंह यादव ने बैठक में डेरापुर ब्लॉक के अधिकतर गांवों में हर घर जल मिशन योजना के तहत घरों तक पानी न पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर उन्होंने प्रशासन से ठोस कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ब्लॉक परिसर की ही मूलभूत व्यवस्था दुरुस्त नहीं है, तो क्षेत्र के विकास दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने खराब पड़े वाटर कूलर को तत्काल ठीक कराने और बैठकों में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की मांग की है। इस मौके पर ग्राम प्रधान कृष्ण बिहारी सत्यजीत प्रियंका देवी अशोक कुमार राम मूर्ति, उदय सिंह पाल सहित ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: डेरापुर नगर पंचायत में आधा दर्जन से अधिक फ्रीजर खराब, गर्मी में राहगीर परेशान



