चकरोड की खुदाई, लेखपाल की मनमानी और बजबजाती नालियां: भोगनीपुर समाधान दिवस में गूंजीं जनता की समस्याएं, 120 में से 5 का मौके पर निपटारा
भोगनीपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने जनसमस्याओं को सुना।इस अवसर पर अलग अलग विभागों से कुल प्राप्त 120 शिकायतों में से 05 का निस्तारण मौके पर किया गया।शेष शिकायतों के लिए टीम गठित कर निस्तारण के निर्देश दिए गए

- भोगनीपुर समाधान दिवस: SDM देवेंद्र सिंह की अफसरों को दो टूक—'शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं, मौके पर जाकर करें फैसला'
पुखरायां।भोगनीपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने जनसमस्याओं को सुना।इस अवसर पर अलग अलग विभागों से कुल प्राप्त 120 शिकायतों में से 05 का निस्तारण मौके पर किया गया।शेष शिकायतों के लिए टीम गठित कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।भोगनीपुर तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।जहां पर दूरदराज के गांवों से पहुंचे कुल 120 फरियादियों ने उपजिलाधिकारी के समक्ष अपनी अपनी समस्याएं रखीं।टुटुईचांद गांव निवासी मुकेश कुमार ने शिकायत की कि उनके खेत से बने चकरोड की मिट्टी को एक भट्टा संचालक ने जबरन खोदकर उठा लिया है।बरगवां निवासी सरोजनी देवी ने आरोप लगाया कि उनकी अनुपस्थित में लेखपाल अनुरागिनी ने रास्ते में खूंटे गड़वा दिए हैं।जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।सिथरा बुजुर्ग निवासी हरिओम ने गांव में सफाई व्यवस्था की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी के नियमित रूप से न आने के कारण गांव में जगह जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नालियां बजबजा रहीं हैं।जिससे दुर्गंध फैल रही है।उन्होंने गांव में नियमित साफ सफाई कराने की मांग की।उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने शिकायतों को सुना और 05 का निस्तारण मौके पर कराया।शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।उपजिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों का अधिकारी,कर्मचारी समय रहते मौके पर जाकर निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बरदाश्त नहीं की जाएगी।इस मौके पर तहसीलदार डॉ प्रिया सिंह,खंड विकास अधिकारी मलासा संजय कन्नौजिया,खंड विकास अधिकारी अमरौधा विश्राम सिंह समेत अन्य अधिकारी,कर्मचारी मौजूद रहे।



