नेग को लेकर शादी में बवाल: डेरापुर के खल्ला गांव में किन्नरों और बारातियों में मारपीट, सड़क पर हुआ हंगामा
मोटी रकम मांगने पर दोनों पक्षों में हुई धक्का-मुक्की, नाराज किन्नरों ने कपड़े उतारकर जताया विरोध, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने शुरू की जांच।

कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के खल्ला गांव में शादी की खुशियां उस वक्त अचानक हाई-वोल्टेज ड्रामे और हंगामे में बदल गईं, जब नेग (बधाई) के पैसों को लेकर किन्नरों और बारातियों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करने आए लोगों के सामने ही अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, खल्ला गांव में रविवार रात औरंगाबाद से एक बारात आई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे बधाई और नेग की मांग को लेकर किन्नरों की टोली शादी वाले घर पहुंच गई। किन्नरों ने नेग के रूप में एक मोटी रकम की मांग की, जिस पर लड़के पक्ष ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए इतनी बड़ी धनराशि देने में असमर्थता जताई। लड़के पक्ष की बात सुनकर किन्नर भड़क उठे और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बहसबाजी के दौरान दोनों पक्षों में बात इतनी बढ़ी कि धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ गई। इस हंगामे से आक्रोशित होकर किन्नरों ने सड़क पर ही कपड़े उतारकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे शादी की खुशियों का माहौल पूरी तरह तनाव में तब्दील हो गया और मौके पर तमाशा देखने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में वहां मौजूद संभ्रांत लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद किन्नर सीधे डेरापुर थाना पहुंचे और लड़के पक्ष पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे- बाल श्रम के खिलाफ कानपुर देहात में बड़ा एक्शन, होटलों और दुकानों से 4 मासूम बच्चे कराए गए मुक्त



