कानपुर देहात में बदमाशों का आतंक, रूरा में राहगीरों से ताबड़तोड़ लूट करने वाला शातिर लुटेरा चढ़ा पुलिस के हत्थे
नशे में धुत अपाचे सवार 3 बदमाशों ने 4 लोगों को बनाया था शिकार, बहादुरी से पीड़ितों ने एक को दबोचा, नगदी व मोबाइल बरामद

कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रूरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में राहगीरों से मारपीट कर सिलसिलेवार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से पुलिस ने पीड़ितों से लूटे गए ₹3000 नगद, एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
लूटपाट की यह सनसनीखेज घटना 26 मई 2026 को उस समय शुरू हुई जब सराय गढ़ेवा निवासी सूर्यांश तिवारी अपने साथी रामलखन के साथ कोचिंग सेंटर जा रहे थे। तभी एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। पीड़ितों ने जब हौसला दिखाकर पीछा किया, तो बदमाशों ने रामलखन की जेब से ₹5000 निकाल लिए और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद इन्हीं बदमाशों ने आगे बढ़कर गेंदामऊ पुल के पास वीरू कश्यप से मारपीट कर उसका पोको मोबाइल व ₹3000 और फिर अंबियापुर निवासी दुर्गेश कुशवाहा से ₹1500 लूट लिए। लगातार चार लोगों को निशाना बनाकर भाग रहे बदमाशों में से एक लुटेरे विश्वनाथ दोहरे को भटौली चौराहे के पास पीड़ित वीरू कश्यप ने साहस दिखाते हुए दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पीड़ितों की तहरीर पर रूरा थाने में विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पकड़े गए अभियुक्त विश्वनाथ दोहरे (उम्र 34 वर्ष) निवासी ठाकुरान गढ़ेवा को आज 27 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि उसने अपने फरार साथियों मोहित वाल्मीकि और हिमांशु के साथ मिलकर शराब के नशे में इस वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल रामपाल की टीम ने विधिक औपचारिकताएं पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।



