यूपी शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल: कानपुर और मुरादाबाद सहित कई मंडलों के संयुक्त शिक्षा निदेशक बदले
संयुक्त सचिव संदीप परमार ने जारी किया आदेश; बिना प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा समूह क श्रेणी के कई वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। संयुक्त सचिव संदीप परमार की ओर से जारी कार्यालय-ज्ञाप संख्या 671/15-6-2026 के तहत इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थलों पर पदस्थापित किया गया है।
शासन ने कड़े रुख के साथ निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल प्रतिस्थानी (रिप्लेसमेंट) की प्रतीक्षा किए बिना अपने नवीन पदों का कार्यभार ग्रहण कर लेंगे, जिसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, स्थानांतरित अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्यमुक्त न करना अनुशासनहीनता माना जाएगा और ऐसा न करने वाले नियंत्रक अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
देखें वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों की नवीन तैनाती सूची:
शिवलाल: उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक-1) शिविर कार्यालय माध्यमिक लखनऊ एवं सचिव, संस्कृत शिक्षा परिषद लखनऊ के पद से स्थानांतरित कर अब प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, मुरादाबाद के पद पर तैनात किए गए हैं।
मनोज कुमार द्विवेदी-प्रथम: प्रभारी संयुक्त शिक्षा निदेशक, मुरादाबाद के पद से हटाकर अब उन्हें प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, कानपुर नगर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेश कुमार आर्य: उप शिक्षा निदेशक (शिविर) शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड लखनऊ से स्थानांतरित कर अब प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ के पद पर नई तैनाती दी गई है।
राकेश कुमार: प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, बरेली के पद से स्थानांतरित कर अब प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, आगरा के पद पर भेजा गया है।



