मेहनत रंग लाई कानपुर देहात के बोर्ड टॉपर्स को मिला सम्मान, खाते में आए 21 हजार रुपये
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावियों का बढ़ा मान
- माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्मान समारोह कार्यक्रम का जनपद में सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
- विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम: माननीय राज्य मंत्री ।
- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि यह निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का परिणाम: जिलाधिकारी
कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित माध्यमिक शिक्षा विभाग के राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षा सम्मान समारोह का रंग कानपुर देहात में भी देखने को मिला। लखनऊ के इस भव्य कार्यक्रम का कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस गौरवशाली पल के साक्षी बनने और जिले के होनहारों का हौसला बढ़ाने के लिए राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद विधायक पूनम शंखवार और भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान मुख्य रूप से मौजूद रहीं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जिले के मेधावियों को सम्मानित किया गया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
हाईस्कूल और इंटर के इन होनहारों को मिला 21 हजार का चेक और प्रशस्ति पत्र
समारोह में वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में जनपद स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को 21,000 रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं में छवि, देवांश दुबे, शालिनी राजपूत, आदित्य सिंह, आर्या कुशवाहा, राज श्रीवास्तव, शालू राजपूत, रोशनी और अक्षरा पाठक शामिल रहीं। वहीं इंटरमीडिएट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली यसी, अर्जुन सिंह, प्रिया तिवारी, अमित, अमन कुमार, सिफा, योगेंद्र कुमार, प्रशांत, कोमल और प्राची विश्वकर्मा को सम्मानित कर उनके सुनहरे भविष्य की कामना की गई। अपने बच्चों की इस बड़ी उपलब्धि और सम्मान को देखकर वहां मौजूद अभिभावकों की आँखें खुशी से छलक आईं।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता निरंतर परिश्रम ही एकमात्र रास्ता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की यह शानदार सफलता उनके कड़े परिश्रम, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के निस्वार्थ सहयोग का प्रतिफल है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बेहतर अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विधायक पूनम शंखवार और जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि यह मेधावी बच्चे हमारे समाज और राष्ट्र की असली धरोहर हैं। इनकी ये सफलताएं अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा देंगी।
वहीं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए बेहद पते की बात कही कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। यह हमेशा निरंतर परिश्रम, कड़े अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही हासिल होती है। उन्होंने बच्चों से जीवन में हमेशा ऊंचे लक्ष्य तय करने और उन्हें पाने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही।
मेधावियों के सम्मान में जुटे जिले के आला अधिकारी
इस भव्य और प्रेरणादायक सम्मान समारोह के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी समेत शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में बच्चों की इस शानदार उपलब्धि की सराहना की।
ये भी पढे- डेरापुर के मेधावी अनुभव सिंह ने सीबीएसई में गाड़ा झंडा: 98.2% अंकों के साथ जिले में किया टॉप



