कानपुर देहात: अज्ञात वाहन की टक्कर से इकलौते बेटे की मौत, पिता का रो-रोकर बुरा हाल
हाईवे पार करते समय होटल के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, असमय मौत से परिवार का चिराग बुझा

रनियां। रनियां पड़ाव पर बीती रात पैदल सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रनियां नगर पंचायत के शर्मा मोहल्ला निवासी आशुतोष शर्मा (25) पुत्र विनोद उर्फ लल्ला शर्मा मंगलवार की शाम अपने दोस्तों के साथ घूमने फिरने निकला था। देर रात करीब ग्यारह बजे के आस-पास वह हाईवे पार कर वापस घर की ओर लौट रहा था, कि तभी हाईवे से गुजर रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने आशुतोष को टक्कर मार दी। एक होटल के सामने हुई घटना के बाद आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकठ्ठा हो गए और रनियां पुलिस को सूचना दी।
जानकारी पर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल संजय भदौरिया, नरेंद्र राना मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक आशुतोष की मां की मृत्यु बचपन में ही हो गई थी, पिता लल्ला रेडीमेड कपड़े की दुकान लगाते हैं।
आशुतोष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत से पिता अंदर तक टूट पड़े और बेटे के शव से लिपट कर बिलखते रहे। इस संबंध में एसओ रनिया दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।



