कानपुर देहात: मूसानगर में यमुना नदी में डूबे युवक व किशोरी के शव बरामद
20 घंटे बाद पानी में उतराते मिले शव, परिजनों में मचा कोहराम

कानपुर देहात: जनपद के मूसानगर क्षेत्र में बीते रविवार की सुबह यमुना नदी में डूबे युवक व किशोरी के शव घटना के लगभग 20 घंटे बाद बरामद कर लिए गए हैं।रविवार को नदी में नहाते समय किशोरी गहरे पानी में चली गई थी,जिसे बचाने के प्रयास में युवक भी डूब गया था।घटना मूसानगर थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में घटित हुई।रविवार सुबह 12 वर्षीय भूरी देवी और 15 वर्षीय ज्योति देवी नदी में नहा रहीं थीं तभी वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
उनकी चीख पुकार सुनकर 17 वर्षीय सिद्धगोपाल ने तुरंत साहस का परिचय देते हुए यमुना नदी में छलांग लगा दी और ज्योति देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।जिससे उसकी जान बच गई।इसके बाद सिद्धगोपाल दूसरी किशोरी को बचाने के लिए नदी में उतरे,लेकिन तेज बहाव के कारण वह खुद पानी की गहराई में डूब गए।हादसे के समय भूरी की मां नदी में भैंसों को नहला रहीं थीं।शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया।लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
लगभग चार घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची।टीम ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।सोमवार सुबह घटना के लगभग 20 घंटे बाद यमुना का जलस्तर और बहाव कुछ कम होने पर दोनों शव नदी के किनारे उतराते दिखाई दिए।ग्रामीणों और परिजनों ने शवों की पहचान सिद्धगोपाल और भूरी देवी के रूप में की।सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने बताया कि यमुना नदी में डूबे किशोरी व युवक के शवों को बरामद कर लिया गया है।शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।



