उत्तरप्रदेशकानपुरफ्रेश न्यूज

अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित

कानपुर नगर। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट backwardwelfare.gov.in तथा obccomputertraining.upsdc.gov.in पर दिनांक 10 जुलाई, 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ ऐसे अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रदान किया जाएगा, जिनके अभिभावकों की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो, शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) अथवा समकक्ष हो तथा आवेदक की आयु 35 वर्ष से अधिक न हो।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के उपरांत अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी दो प्रतियों में आवश्यक अभिलेखों सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-09, विकास भवन, कानपुर नगर में 10 जुलाई, 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। आवेदन के साथ आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

AD
Back to top button