कानपुर देहात के इन 13 अस्पतालों में मिलेगा बिल्कुल फ्री इलाज, घायलों की मदद करने पर मिलेंगे ₹25,000 नगद
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की अपील, घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं, आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा उपचार।

कानपुर देहात। सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा जिसे चिकित्सा विज्ञान में ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, किसी भी घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए सबसे ज्यादा संवेदनशील होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से ‘प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना कैशलेस उपचार योजना’ (PM-RAHAT) चलाई जा रही है। इस जनकल्याणकारी योजना के तहत सड़क हादसे में घायल किसी भी पात्र व्यक्ति को दुर्घटना के दिन से लेकर अधिकतम 7 दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाती है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जिले के नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि सड़क हादसे की स्थिति में घायल को बिना वक्त गंवाए नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। वक्त पर मिलने वाला इलाज किसी का घर उजड़ने से बचा सकता है। पैसों की कमी की वजह से अब किसी भी घायल का इलाज नहीं रुकेगा, इसी मकसद से इस योजना को धरातल पर उतारा गया है।
बिना किसी हेल्थ इंश्योरेंस के भी मिलेगा पूरा लाभ
योजना की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल मरीज को जैसे ही सूचीबद्ध अस्पतालों में ले जाया जाता है, वहां का स्टाफ तुरंत पीएम-राहत पोर्टल पर उसका रजिस्ट्रेशन करता है। पात्रता की जांच होते ही पीड़ित को 7 दिनों तक डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलना शुरू हो जाता है। सबसे खास बात यह है कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए मरीज के पास पहले से कोई स्वास्थ्य बीमा या हेल्थ इंश्योरेंस होना जरूरी नहीं है।
मददगारों को पुलिसिया झंझट से मुक्ति और 25,000 का इनाम
जिलाधिकारी ने जनता से निडर होकर आगे आने और ‘गुड सेमेरिटन’ यानी अच्छे मददगार की भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने साफ किया कि हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीरों को कानून की तरफ से पूरी सुरक्षा दी गई है, उन्हें किसी भी तरह के पुलिसिया या कानूनी चक्कर में नहीं फंसना पड़ेगा। इसके साथ ही राहवीर योजना के तहत मदद करने वाले सजग नागरिकों को प्रशासन की तरफ से 25,000 रुपये का नकद प्रोत्साहन पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आपकी एक छोटी सी तत्परता किसी परिवार की खुशियां लौटा सकती है।
कानपुर देहात के ये 13 निजी अस्पताल हुए सूचीबद्ध
जनपद में पीएम-राहत योजना के तहत जिन प्रमुख निजी अस्पतालों को हरी झंडी दी गई है, उनकी सूची इस प्रकार है—
-
अनंतराज हॉस्पिटल, अकबरपुर
-
पुष्पेय हॉस्पिटल, अकबरपुर
-
गणेश हॉस्पिटल, अकबरपुर
-
रजावत हॉस्पिटल, बिसायकपुर (रनियां)
-
द प्रीमियर हॉस्पिटल, मावर
-
वी.पी.एन. हॉस्पिटल, पुखरायां
-
गौरी हॉस्पिटल, नबीपुर
-
डी.एम. मेमोरियल हॉस्पिटल, रायपुर
-
कौशिकी हॉस्पिटल, rसूलाबाद
-
नोवा ग्रेस हॉस्पिटल, अकबरपुर
-
ओम हॉस्पिटल, शिवली
-
लोकप्रिय हॉस्पिटल, अकबरपुर
-
आर.पी. पोरवाल हॉस्पिटल, शाहजहांपुर
योजना के बारे में किसी भी तरह की तकनीकी जानकारी या अस्पताल से जुड़ी पूछताछ के लिए जनपद के नोडल अधिकारी और डिप्टी सीएमओ डॉ. आदित्य सचान के मोबाइल नंबर 9389811179 पर सीधे संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी से अपील की है कि सड़क पर हादसा देखने के बाद घबराएं नहीं, तुरंत आपातकालीन सेवाओं को फोन करें और घायल की जान बचाने में अपना योगदान दें।



