जालौन: स्कूल चलो अभियान को मिला नया उत्साह, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रैली को दिखाई हरी झंडी
06 से 14 वर्ष के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान, नव नामांकित विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत व पाठ्यपुस्तकों का वितरण

कानपुर देहात: विद्यालय से बाहर रह गए 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत कोंच स्थित मंडपम परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और चेयरमैन प्रदीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
शिक्षित समाज ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की आधारशिला: जिलाधिकारी
रैली के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे और सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक शिक्षित समाज ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की असली आधारशिला होता है।
बच्चों का स्कूल जाना उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बच्चों का विद्यालय से जुड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने आसपास के ऐसे बच्चों को चिन्हित करे जो स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, और उन्हें विद्यालय तक पहुंचाने में सहयोग करे ताकि कोई भी बच्चा अपने शिक्षा के अधिकार से वंचित न रह सके।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नए नामांकित नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं और नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। किताबें पाकर नन्हे बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह और मुस्कान देखने को मिली।
शिक्षा विभाग सहित कई आला अधिकारी रहे उपस्थित
इस गरिमामयी अवसर पर जागरूकता रैली और मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढे- कोंच तहसील में जनता का फूटा दर्द, फरियादियों की भीड़ देख जब खुद एक्शन में आए कप्तान और कलेक्टर!



