मानव संपदा पोर्टल पर लापरवाही, बीएसए ने दी कड़ी कार्यवाही की चेतावनी
जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों (ई-सर्विस बुक) को अपडेट करने में बरती जा रही लापरवाही

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों (ई-सर्विस बुक) को अपडेट करने में बरती जा रही लापरवाही पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि लंबित कार्यों को तत्काल पूरा किया जाए। बीएसए द्वारा जारी अनुस्मारक पत्र के अनुसार मानव संपदा पोर्टल पर कर्मचारियों के अवकाश, जन्मतिथि, कार्यभार ग्रहण करने की तिथि और अन्य विवरणों के संशोधन के लिए पूर्व में भी निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके ब्लॉक स्तर पर इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। पत्र में इस स्थिति को अत्यंत खेदजनक और राजकीय कार्यों में लापरवाही का द्योतक बताया गया है।बीएसए ने स्पष्ट किया है कि विकासखंड स्तर पर कार्यरत समस्त कर्मचारियों की सभी प्रविष्टियों जैसे समस्त प्रकार के अवकाश, जन्मतिथि, कार्यभार ग्रहण तिथि, अन्य समस्त प्रविष्टियों के साथ-साथ वेतनवृद्धि, प्रतिकूल प्रविष्टि, अन्य विभागीय कार्यवाही/अनुशासनात्मक कार्यवाही, पारिवारिक विवरण आदि अन्य भी यदि हों तो नियमित रुप से अद्यतन करना सुनिश्चित करें, जिससे विकासखण्ड स्तर पर कार्मिकों के लम्बित प्रकरणों का समय से निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि पोर्टल पर डेटा अपडेट न होने के कारण कोई भी प्रकरण लंबित पाया जाता है तो संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। बीएसए ने जोर देकर कहा है कि यह प्रकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी क्षम्य नहीं होगी।



