मानव संपदा पोर्टल ठप: छुट्टियां नहीं ले पा रहे शिक्षक, बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने तकनीकी खराबी की बात स्वीकारी
राज्य के परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए अनिवार्य मानव संपदा पोर्टल पिछले तीन दिनों से अत्यधिक धीमा (स्लो) चल रहा है

कानपुर देहात। राज्य के परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए अनिवार्य मानव संपदा पोर्टल पिछले तीन दिनों से अत्यधिक धीमा (स्लो) चल रहा है। पोर्टल के सर्वर में आई इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण हजारों शिक्षक आकस्मिक अवकाश, मेडिकल लीव, चाइल्ड केयर लीव और अन्य जरूरी छुट्टियों के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने खुद माना है कि पोर्टल के स्लो होने से शिक्षकों को व्यावहारिक रूप से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि इस तकनीकी समस्या को उच्च अधिकारियों और तकनीकी टीम के संज्ञान में डाल दिया गया है ताकि सर्वर को जल्द से जल्द ठीक किया जा सके।
शिक्षकों के सामने खड़ी हुईं ये बड़ी मुसीबतें-
सर्वर पर अत्यधिक लोड या अपडेशन के चलते लीव मॉड्यूल का पेज लोड ही नहीं हो रहा है जिससे बीमार या किसी जरूरी काम से फंसे शिक्षक छुट्टी अप्लाई नहीं कर पा रहे हैं। वेतन महीने की नियत 20 से 22 तारीख के आसपास ही प्रधानाध्यापकों को शिक्षकों की मासिक उपस्थिति लॉक करनी होती है पोर्टल न चलने से समय पर उपस्थिति लॉक न होने पर शिक्षकों के वेतन भुगतान में भी देरी का खतरा मंडराने लगा है।
शिक्षकों की मांग-
विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि जब तक मानव संपदा पोर्टल पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाता तब तक आकस्मिक परिस्थितियों में ऑफलाइन या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना देकर छुट्टी मान्य की जाए ताकि किसी भी शिक्षक पर अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की कार्यवाही न हो।



