परिवार जागृति केंद्र: टूटते रिश्तों को मिली नई जिंदगी, कानपुर देहात में 13 परिवारों का हुआ समझौता
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सर्किल स्तर पर काउंसलिंग, फिर एक साथ रहने को राजी हुए पति-पत्नी

कानपुर देहात: जनपद में पारिवारिक विवादों को सुलझाने और टूटते रिश्तों को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन की पहल रंग ला रही है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी सर्किल स्तरों पर “परिवार जागृति” विकेन्द्रित परिवार परामर्श केन्द्रों का आयोजन किया गया। काउंसलिंग के दौरान पुलिस और महिला सलाहकारों ने 13 परिवारों के बीच आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समझौता कराया।
सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन), रसूलाबाद (थाना शिवली), डेरापुर (थाना डेरापुर), भोगनीपुर (थाना भोगनीपुर) और सिकन्दरा (थाना सिकन्दरा) में आयोजित परामर्श केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी। धैर्यपूर्ण काउंसलिंग के बाद सर्किल अकबरपुर में 11 और सर्किल डेरापुर में 2 परिवारों के बीच मतभेद दूर कराकर उन्हें पुनः एक सूत्र में पिरोया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “परिवार जागृति” परामर्श केंद्रों का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों का संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से समाधान करना है। जिन मामलों में सहमति नहीं बन सकी, उनमें अगली तारीख नियत की गई है। पुलिस की इस पहल से समाज में विश्वास और समरसता को बढ़ावा मिल रहा है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: गलुवापुर बाजार में दिनदहाड़े दुकान से मोबाइल और नकदी लूट, पुलिस से कार्रवाई की मांग



