कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: बिठूर से गंगाजल लेने जा रहे कांवड़िए की सड़क हादसे में मौत, दो साथी घायल

रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को मारी टक्कर, चालक वाहन छोड़कर फरार

कानपुर देहात। सावन के प्रथम सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बिठूर से गंगाजल लेने जा रहे तीन कांवड़ियों की यात्रा रविवार रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

औरैया जनपद के इकरामपुर गांव निवासी धर्मराज उर्फ टोबे यादव (25) पुत्र कल्लू यादव, रामजी यादव पुत्र मलिक सिंह तथा अभिषेक यादव पुत्र अशोक कुमार रविवार शाम करीब छह बजे एक ही बाइक से बिठूर गंगाजल लेने के लिए निकले थे। बाइक रामजी यादव चला रहे थे। देर रात रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर संत हंसानंद इंटर कॉलेज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धर्मराज उर्फ टोबे यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामजी यादव और अभिषेक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों और राहगीरों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. सौरभ शाक्य ने परीक्षण के बाद धर्मराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार तथा कोतवाल शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों और परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतक धर्मराज उर्फ टोबे यादव अविवाहित थे और अपने गांव में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में मां कपूरी देवी, पिता कल्लू यादव तथा अन्य परिजन हैं। बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया।

कोतवाल शिवनारायण सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 


ये भी पढे-   कानपुर देहात: राजपुर में स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी,19 बच्चे मामूली घायल


 

Related Articles

AD
Back to top button