कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: पापा मुझे बचा लो! मक्के के खेत में मिली युवक की लाश, युवती समेत 6 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

कानपुर देहात के बरौर में मूसानगर के युवक का मिला शव, परिजनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

कानपुर देहात: जनपद के बरौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां गांव के बाहर मक्के के खेत में रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक का शव मिलने के मामले में परिजनों ने एक युवती समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मूसानगर थाना क्षेत्र के पुलंदर गांव निवासी कैलाश के पुत्र शशांक के रूप में हुई है।

रविवार की शाम करीब चार बजे बरगवां गांव के बाहर मक्के के खेत में युवक का शव मिला था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी और थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। सूत्रों के अनुसार शशांक का कुछ समय से एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को बरौर थाने में प्रदर्शन कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान बी के तिवारी समेत करीब सौ महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। सूचना पर क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी और डेरापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक के पिता कैलाश ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे शशांक अपने साथी से मिलने की बात कहकर निकला था। शाम करीब चार बजे उसने फोन कर कहा कि पापा मुझे बचा लो, लेकिन वह सटीक स्थान नहीं बता सका। इसके बाद शाम करीब सात बजे ग्राम प्रधान ने फोन पर शव मिलने की सूचना दी। परिजनों ने बरगवां निवासी युवती मोनिका, शिवकुमार, अमित कुमार, मनीष कुमार और बरौर निवासी अनिल कुमार व उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पिता की तहरीर पर युवती समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांचकर उचित कार्यवाही की जाएगी।


ये भी पढे-  कानपुर देहात के रनियां में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला 24 वर्षीय युवक का शव: घर में मचा कोहराम, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम


Related Articles

AD
Back to top button