कानपुर देहात: रक्षाबंधन त्योहार से पहले शिक्षामित्रों को मिलेगा मानदेय, बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने दिए जल्द भुगतान के निर्देश
यूपी के 1.27 लाख शिक्षामित्रों के लिए 230 करोड़ स्वीकृत, कानपुर देहात बीएसए ने दिए तत्काल भुगतान के निर्देश
राजेश कटियार, कानपुर देहात। प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी की ओर से एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के तहत शिक्षा सत्र 2026-27 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कार्यरत रहे शिक्षामित्रों के अगस्त 2026 माह के मानदेय का आवंटन कर दिया गया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में कार्यरत कुल 1,27,841 शिक्षामित्रों के लिए 230 करोड़ 11 लाख 38 हजार रुपये की भारी-भरकम धनराशि स्वीकृत की गई है। यह पूरी राशि संबंधित जनपदों के खातों में लिमिट के रूप में डिजिटल तरीके से भेज दी गई है। इस बजट आवंटन में अलग-अलग जिलों के लिए कार्यरत शिक्षामित्रों की संख्या के अनुसार राशि तय की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मानदेय का भुगतान पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था के तहत केवल उन्हीं शिक्षामित्रों को किया जाएगा जिनका विवरण पीएफएमएस पोर्टल पर दर्ज और सत्यापित है। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि किसी भी अप्रशिक्षित या अपात्र व्यक्ति को मानदेय का भुगतान न हो। महानिदेशक ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस धनराशि का वितरण तय समय के भीतर सीधे शिक्षामित्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर करें। इसके साथ ही भुगतान की पूरी प्रगति रिपोर्ट को अगले महीने की 5 तारीख तक अनिवार्य रूप से राज्य परियोजना कार्यालय के पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए गए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा सके।
इस संबंध में कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिले के सभी 1717 कार्यरत शिक्षामित्रों के अगस्त माह के मानदेय के लिए 309.06 लाख रुपए की लिमिट प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि बैंक खातों के सत्यापन और पात्रता की जांच सुनिश्चित करते हुए बिना किसी देरी के मानदेय सीधे शिक्षामित्रों के खातों में ट्रांसफर किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे- छात्रा से छेड़खानी के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने दबोचा, BSA ने किया निलंबित



