शिक्षकों की लंबित समस्याओं के प्रभावी निस्तारण हेतु जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने अधिकारियों से की वार्ता, मिला सकारात्मक आश्वासन
अधिकारियों ने वेतन बहाली, चयन वेतनमान एरियर और जीपीएफ निस्तारण का दिया ठोस आश्वासन

राजेश कटियार, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ कानपुर देहात के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष अशोक सिंह राजावत की अगुवाई में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय और वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) हरिकेश बहादुर से मुलाकात कर शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की।
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने संगठन द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित और प्रभावी समाधान का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक दिन के वेतन अवरुद्ध मामलों में शिक्षकों के स्पष्टीकरण व अवकाश समायोजन का निस्तारण कर वेतन तत्काल बहाल किया जाएगा। इसके साथ ही स्वीकृत चयन वेतनमान के लंबित भुगतानों और चयन वेतन के बाद आवास भत्ते में हुई विसंगतियों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।

शिक्षकों के वित्तीय हितों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने चयन वेतन के एरियर भुगतान प्रक्रिया को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कर जल्द से जल्द पूर्ण करने की बात कही। इसके अलावा वर्ष 2025-26 तक की भविष्य निधि (जीपीएफ) लेखा पर्ची शीघ्र वितरित करने, कानपुर नगर में शेष पड़ी भविष्य निधि धनराशि को कानपुर देहात स्थानांतरित करने तथा सातवें वेतन आयोग के अवशेष एरियर हेतु शासन स्तर पर पत्राचार कर बजट मंगाने का भी भरोसा दिलाया।
बैठक में अधिकारियों के इस सकारात्मक और सहयोगात्मक रुख पर संघ ने संतोष व्यक्त किया। इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री रामकुमार कटियार, कोषाध्यक्ष राहत अली और दिनेश शर्मा समेत संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।



