कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

कानपुर देहात में दूसरे चरण की जनगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

राजेश कटियार, कानपुर देहात: जनपद में आगामी जनगणना के द्वितीय चरण तथा मकानों के सूचीकरण व गणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक में सभी अधिकारियों और प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी, एडीएम (वि./रा.), जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
ड्यूटी में लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि गणना कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए शत-प्रतिशत रिजर्व (आरक्षित) प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। नियुक्त किए गए सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का पूरा डेटा निर्धारित पोर्टल पर समय से फीड किया जाएगा। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या अनुपस्थिति पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई है।
सीधे बैंक खाते में आएगा मानदेय
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों का विवरण पोर्टल पर पूरी शुद्धता के साथ दर्ज किया जाना अनिवार्य है। कार्य समाप्त होने के उपरांत सभी कर्मियों के मानदेय का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा, जिसके लिए बैंक विवरण और IFSC कोड की सही फीडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है ताकि समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं बिना किसी त्रुटि के पूरी की जा सकें।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को किया अलर्ट
बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बीएसए ने आदेश में सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि आदेश का कड़ाई से अनुपालन नहीं किया गया तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी इसके लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

Related Articles

AD
Back to top button