अमूल फैक्ट्री में खिड़की से लटकता मिला टैंकर चालक का शव: मची सनसनी, सुल्तानपुर के युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप
कानपुर देहात के लालपुर स्थित प्लांट का मामला, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर स्थित अमूल फैक्ट्री परिसर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक दूध टैंकर की खिड़की से चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ पाया गया। akbarpur police tanker driver death मामले की सूचना मिलते ही फैक्ट्री कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सुल्तानपुर का रहने वाला था मृतक चालक
पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त सुल्तानपुर जनपद के हलियापुर निवासी 29 वर्षीय एजाज अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एजाज दूध से भरा टैंकर लेकर अकबरपुर के लालपुर स्थित अमूल प्लांट में खाली कराने आया था। गुरुवार की सुबह जब साथी कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की नजर टैंकर पर पड़ी, तो चालक का शव केबिन की खिड़की के सहारे लटक रहा था। इस खौफनाक मंजर को देखकर फैक्ट्री परिसर में सनसनी फैल गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल
घटना की संवेदनशीलता और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने टैंकर के केबिन, खिड़की और आसपास के पूरे इलाके से फिंगरप्रिंट सहित जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है, जिसकी कॉल डिटेल और गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस टीम फैक्ट्री परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी बारीकी से खंगाल रही है कि रात में चालक के पास कौन आया था।
परिजनों की तहरीर पर होगी विधिक कार्रवाई
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। घटना की सूचना सुल्तानपुर में मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिजन कानपुर देहात के लिए रवाना हो गए हैं। अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



