शिवली में पुलिस का बड़ा एक्शन: 490 किलो अवैध पटाखे बरामद, रिहायशी इलाके से दुकानदार गिरफ्तार
33 गत्तों में रखा था 460 किलो पटाखों का भंडार, बिक्री के लिए खुले में भी रखे थे 30 किलो पटाखे

कानपुर देहात। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जवाहर नगर स्थित एक दुकान के बाहर से कुल 490 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों में 33 गत्तों में रखे 460 किलोग्राम पटाखे और बिक्री के लिए खुले में रखे 30 किलोग्राम पटाखे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर शिवली पुलिस टीम ने जवाहर नगर में कार्रवाई करते हुए अजय कुमार (करीब 30 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 10, रामनगर, कस्बा शिवली को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दुकान के बाहर से पटाखों की बड़ी खेप बरामद हुई।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना शिवली में मुकदमा संख्या 359/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों को थाने के सुरक्षित और एकांत स्थान पर निगरानी में रखवाया गया है। उनका एंटी-सबोटाज टीम से परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अच्छेलाल, कांस्टेबल रवि कुमार, रिजर्व कांस्टेबल पुष्पेन्द्र, महिला कांस्टेबल विद्योतमा और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने त्योहार के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाने की बात कही है।



