कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

दीपावली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: 300 किलो से अधिक दूषित मिठाइयां कराईं नष्ट, दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित, 12 नमूने जांच को भेजे

कानपुर देहात में सचल दल की ताबड़तोड़ छापेमारी, अकबरपुर, रूरा, रनिया और पुखरायां में मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

कानपुर देहात। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। kanpur dehat food safety raid के तहत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ०प्र० लखनऊ व जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशों के क्रम में जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अंतरजनपदीय राज्य खाद्य सचल दल और स्थानीय टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 12 नमूने संग्रहीत किए, 300 किलोग्राम से अधिक दूषित मिठाइयां नष्ट कराईं तथा गंभीर कमियां पाए जाने पर दो प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए।

सचल दल ने की सघन जांच, इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार द्विवेदी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरन यादव व धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली टीम में संजय कुमार वर्मा, दिव्या त्रिपाठी, रश्मि प्रभा, अरविन्द कुमार, क्यामुद्दीन, उपासना सहाय, आशुतोष कुमार, डॉ० श्री निवास श्रीवास्तव और दिनेश चन्द्र शामिल रहे। टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई इस प्रकार रही:

  1. मे० बालाजी भोजनालय एवं स्वीट हाउस (अकबरपुर ओवरब्रिज): मिठाई विनिसा का नमूना संग्रहीत कर सुधार नोटिस जारी किया गया।

  2. मे० चाचा मिष्ठान एण्ड रेस्टोरेंट (अकबरपुर रोड रूरा): मिल्क केक का नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया और सुधार नोटिस थमाया गया।

  3. मे० कोहली स्वीट्स (रनियां): पेड़ा का नमूना लिया गया तथा सुधार सूचना नोटिस दी गई।

  4. मे० तिवारी स्वीट्स एण्ड नमकीन (रनियां): खोया का नमूना लिया गया तथा लगभग 24 किग्रा दूषित मिठाइयां (मूल्य 8,990/- रुपये) मौके पर नष्ट कराई गईं। सुधार नोटिस भी जारी हुआ।

  5. मे० न्यू बदनाम गुझिया (मुरीदपुर, अकबरपुर): छेना मिठाई, हाइड्रो व खोया का नमूना लिया गया। 11.5 किग्रा हाइड्रो जब्त कर 252 किग्रा दूषित मिठाइयां (मूल्य 53,990/- रुपये) नष्ट कराई गईं।

  6. मे० पंचवटी स्वीट हाउस एण्ड नमकीन (सुभाष नगर, पुखरायां): बूंदी दाना व खोया का नमूना लिया गया तथा करीब 30 किग्रा बालूशाही (मूल्य 16,200/- रुपये) नष्ट कराई गई।

  7. मे० अनमोल होटल एण्ड रेस्टोरेंट (गजनेर रोड नबीपुर): सिट्रिक व पनीर का नमूना लेकर सुधार नोटिस जारी किया गया।

  8. मिल कॉलोनी पुखरायां: विक्रेता राजेन्द्र कुमार से मिश्रित दूध का नमूना संग्रहीत किया गया।

दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित, सुधार होने तक रहेगी रोक

निरीक्षण के दौरान मुरीदपुर स्थित ‘मे० न्यू बदनाम गुझिया’ और पुखरायां स्थित ‘मे० पंचवटी स्वीट हाउस एण्ड नमकीन’ में अत्यधिक कमियां और गंदगी पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस कमियों के सुधार तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।

जांच रिपोर्ट आने पर दर्ज होंगे मुकदमे, अत्यधिक रंगीन मिठाइयों से बचें

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राम अवतार सिंह ने बताया कि सभी 12 नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच हेतु भेज दिए गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि त्योहारों पर अत्यधिक रंगीन मिठाइयों के सेवन से बचें और मिलावट की सूचना तत्काल विभाग को दें। kanpur dehat food safety raid की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप व्याप्त है।


ये भी पढ़े-  51 किलो का बूंदी केक और तिरंगा यात्रा: कानपुर में कुर्मी परिवार समागम ने मनाई सरदार पटेल की 151वीं जयंती, सतीश महाना समेत कई दिग्गज पहुंचे


Related Articles

AD
Back to top button