कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

दीपावली पर अनूठी पहल: बीएसए ने रसोइयों को साड़ियां भेंटकर बढ़ाया मान, बच्चों के साथ खाया मिड-डे-मील

परिषदीय स्कूलों में हर शुक्रवार बच्चों को मिलेगा हलवा: बीएसए ने की नई योजना की शुरुआत

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के सम्मान में बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने एक सराहनीय और अनूठी पहल की है। धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर विकासखंड अमरौधा के प्राथमिक विद्यालय सरांय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बीएसए ने पीएम पोषण योजना को धरातल पर सफलतापूर्वक संचालित करने वाली रसोइयों को साड़ियां भेंटकर सम्मानित किया।

त्योहार से ठीक पहले मिले इस उपहार और सम्मान से रसोइयों के चेहरे खिल उठे और पूरा विद्यालय परिवार इस सुखद पल का साक्षी बना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना को सुचारू रूप से चलाने में रसोइयों का योगदान अमूल्य है। वे हर दिन पूरी निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करती हैं। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास तथा उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में विद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य की अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि इन समर्पित रसोइयों के श्रम का सम्मान करना विभाग का मुख्य दायित्व है। इसके साथ ही उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि भोजन पकाने से लेकर बच्चों को परोसने तक स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। शासन के नवीन निर्देशों की जानकारी देते हुए बीएसए ने बताया कि अब बेसिक शिक्षा विभाग के सभी विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना के तहत प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को विशेष रूप से हलवा परोसा जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत पहले और तीसरा शुक्रवार को बच्चों को पौष्टिक मीठा सूजी हलवा दिया जाएगा वहीं दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को बच्चों के मेन्यू में नमकीन हलवा दिया जाएगा।

बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे-मील
कार्यक्रम के अंत में बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने औपचारिकता से परे हटकर स्वयं विद्यालय के बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे-मील का आनंद लिया। उन्होंने बच्चों के साथ तहरी और अतिरिक्त पोषण (एक्स्ट्रा न्यूट्रिशन) के तहत बने हलवे को ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को परखा। एक प्रशासनिक अधिकारी को अपने बीच जमीन पर बैठकर भोजन करते देख बच्चों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर कांत मिश्रा, प्रधानाध्यापिका सुचि मालवीय, शिक्षक स्तुति गुप्ता, प्रियंका राव, प्रगति यादव, सुशीला देवी सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

 

 

 


ये भी पढ़े-  दीपावली से पहले कानपुर देहात में धारा-163 लागू: 17 दिसंबर तक बिना इजाजत रैली, जुलूस और ड्रोन उड़ाने पर रोक, रात 10 बजे बाद लाउडस्पीकर बंद


 

Related Articles

AD
Back to top button