कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

बिना मान्यता चल रहे 17 स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई, सभी पर लगा 1-1 लाख रुपये का जुर्माना

रसूलाबाद के 9 व झींझक के 8 अमान्य विद्यालयों पर बीएसए का शिकंजा; नोटिस के बाद भी संचालन बंद न करने पर भू-राजस्व की भांति होगी वसूली।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद में बिना मान्यता के अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी विद्यालयों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने सख्त कार्रवाई करते हुए रसूलाबाद और झींझक विकासखंड के कुल 17 अमान्य विद्यालयों पर एक-एक लाख रुपये (कुल 17 लाख रुपये) का अर्थदंड लगाने के आदेश जारी किए हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी रसूलाबाद और झींझक द्वारा उपलब्ध कराई गई जांच रिपोर्ट के अनुसार इन विद्यालयों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद स्कूल संचालकों व प्रबंधकों ने विभागीय आदेशों की अवहेलना करते हुए कक्षाओं का संचालन जारी रखा। बीएसए कार्यालय से भी इन्हें अपना पक्ष व साक्ष्य प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया था लेकिन किसी भी प्रबंधक द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।

निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 और शासनादेशों के उल्लंघन के तहत अब इन सभी स्कूलों से भू-राजस्व की भांति जुर्माना वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रसूलाबाद और डेरापुर को पत्र भेजा गया है। कार्रवाई की जद में आए विकासखंड रसूलाबाद के 9 अमान्य विद्यालयों में ग्लोबल पब्लिक स्कूल (अशलतगंज), एम०एस० पब्लिक स्कूल (कहिंजरी), भजन लाल रामेश्वरी देवी हा०से० स्कूल (उसरी), टाउन मान्टेसरी स्कूल (कानपुर रोड, रसूलाबाद), एस०डी० एजुकेशन सेन्टर (औरियाखेड़ा कुर्सी), हरिओम बाल विद्यालय (बिल्हा निकट उसरी, रसूलाबाद), पूरन लाल सरस्वती विद्या मन्दिर (उसरी, रसूलाबाद), जी०डी० गोयंका पब्लिक स्कूल (मैला) और पुत्तीलाल फूलमती पब्लिक स्कूल (मैजूसमस्तपुर) शामिल हैं। वहीं विकासखंड झींझक के 8 अमान्य विद्यालयों में सीके पब्लिक स्कूल (स्टेशन रोड, झींझक), ई०टी०वी०टी० पब्लिक स्कूल (तेजपुर मुबारकपुर), सेन्ट बेली पब्लिक स्कूल (कंचौसी), आदर्श पब्लिक स्कूल (जिनई बनीपारा), ख्वाजा एजुकेशन सोसायटी (पिपरीपतरहार), तारावती इ०का० (तेजपुर, बे०शि०), एन०वी०एस० गंगोदय विद्यालय (खम्हैला रोड) और एस०एस०पी० विद्या मन्दिर (द्वारिकागंज) पर यह जुर्माना लगाया गया है।

बेसिक शिक्षा विभाग ने इस सूचना को जनहित में जारी करते हुए अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

Related Articles

AD
Back to top button