देवराहट पुलिस की बड़ी सफलता: 6 महीने से फरार 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
कानपुर देहात: गौरी मोड़ के पास दबोचा गया सुरजीत सिंह, कई थानों में दर्ज हैं संगीन मुकदमे
कानपुर देहात: जनपद की देवराहट पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने पिछले छह महीनों से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहा था और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोगनीपुर थाने में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियुक्त सुरजीत सिंह पुत्र रूप सिंह (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम सलेमपुर, थाना राजपुर (कानपुर देहात) पिछले 6 माह से फरार चल रहा था।
इस मामले की विवेचना थानाध्यक्ष देवराहट द्वारा की जा रही थी। माननीय न्यायालय एडीजे-5 द्वारा 30 जुलाई 2026 को अभियुक्त के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस की लगातार कोशिशों के बावजूद जब अभियुक्त हत्थे नहीं चढ़ा, तो पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार को देवराहट पुलिस टीम ने सटीक सुरागसी और अथक प्रयास के बल पर अभियुक्त सुरजीत सिंह को थाना क्षेत्र के गौरी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पकड़े गए अभियुक्त सुरजीत सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर भोगनीपुर, सट्टी और राजपुर थानों में चोरी और माल बरामदगी (BNS की धारा 303(2), 317(2), 317(4)) से जुड़े करीब पांच गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त उस पर उप्र गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस सफलता को हासिल करने वाली देवराहट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष व विवेचक सौरभ राणा, मुख्य आरक्षी पवन कुमार तथा आरक्षी भूपेंद्र शामिल रहे।



