वर्षा ऋतु में बीमारियों पर प्रहार: परिषदीय स्कूलों में फॉगिंग और सफाई के कड़े निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्यवाही

राजेश कटियार, कानपुर देहात। वर्षा ऋतु के दौरान परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त और निजी विद्यालयों में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर युद्ध स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है।
आदेश के अनुसार मानसून के दौरान स्कूलों में जलभराव, नमी और गंदगी के कारण मच्छरों के पनपने तथा जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा सबसे अधिक होता है। साथ ही परिसर में फिसलन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन खतरों को समय रहते टालने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। स्कूल परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, रसोईघर और पेयजल स्रोतों की रोजाना गहन सफाई सुनिश्चित की जाएगी। परिसर में कहीं भी पानी जमा न होने पाए, इसके लिए जल निकासी के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। स्कूल भवनों की छतों पर जमा सूखे पत्ते और कूड़ा-कचरा तुरंत हटाया जाएगा ताकि वहां पानी न रुके। मच्छरों की रोकथाम के लिए स्थानीय स्वास्थ्य विभाग से तालमेल बिठाकर एंटी-लावा छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी।
बच्चों के पीने के लिए शुद्ध पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पानी की टंकियों को साफ कर उन्हें कीटाणुमुक्त किया जाएगा। परिसर में उगी अनचाही घास, झाड़-झंखाड़ को तुरंत साफ किया जाएगा। इसके अलावा बिजली के तारों, छतों और दीवारों का बारीकी से निरीक्षण कर संभावित खतरों को तत्काल दूर किया जाएगा। स्कूलों में केवल सफाई ही नहीं होगी बल्कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीकों, सुरक्षित पेयजल के उपयोग और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आदेश में साफ कहा गया है कि स्कूलों में की गई साफ-सफाई के साक्ष्य के तौर पर 2-2 फोटोग्राफ और 1 मिनट का वीडियो बनाकर कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजना अनिवार्य होगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर ढिलाई पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।



