IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ी की एंट्री पर बवाल: आगरा में हिंदू महासभा नेता ने शाहरुख खान को लेकर दिया विवादित बयान
आईपीएल (IPL) में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल किए जाने का विरोध अब हिंसक बयानों तक पहुँच गया है।

आगरा: आईपीएल (IPL) में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल किए जाने का विरोध अब हिंसक बयानों तक पहुँच गया है। इस मुद्दे को लेकर बॉलीवुड अभिनेता और कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान हिंदू संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। आगरा में अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने शाहरुख खान के खिलाफ बेहद तीखी टिप्पणी करते हुए एक विवादित घोषणा की है।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का हवाला देते हुए कहा कि वहां हमारे हिंदू भाइयों को प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें जिंदा जलाया जा रहा है, ऐसे में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारत में लाकर खिलाना स्वीकार्य नहीं है।
मीरा राठौर ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा, “बांग्लादेश में हमारे भाइयों के साथ बुरा व्यवहार हो रहा है और यह व्यक्ति उन्हें खरीदकर यहाँ खिला रहा है। मैंने इनके पोस्टर पर कालिख पोती और जूते से मारा है।” उन्होंने बेहद विवादित बयान देते हुए आगे कहा कि जो कोई भी शाहरुख खान की जीभ काटकर लाएगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हिंदू संगठनों का कहना है कि जब तक पड़ोसी देश में हिंदुओं की स्थिति नहीं सुधरती, तब तक वहां के खिलाड़ियों का भारतीय जमीन पर स्वागत नहीं किया जाना चाहिए। फिलहाल इस मामले में पुलिस या शाहरुख खान की टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



