कानपुर बैराज से गंगा में 3.04 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज, चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचा जलस्तर; औरैया में यमुना का रुख घटाव पर
कानपुर बैराज से गंगा में 3,04,085 क्यूसेक पानी का भारी डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।

कानपुर: पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के बीच कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष (एलजीसी, कानपुर) द्वारा शुक्रवार सुबह 8:00 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, कानपुर बैराज से गंगा में 3,04,085 क्यूसेक पानी का भारी डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।
कानपुर बैराज पर अपस्ट्रीम का जलस्तर 113.690 मीटर और डाउनस्ट्रीम का जलस्तर 113.540 मीटर दर्ज किया गया, जो कि चेतावनी स्तर (114.000 मीटर) के बेहद करीब है। वहीं खतरे का निशान 115.000 मीटर निर्धारित है। शुक्लागंज छोर पर भी गंगा का जलस्तर 112.290 मीटर पहुंच चुका है, जबकि यहां चेतावनी स्तर 113.000 मीटर और खतरे का निशान 114.000 मीटर है। इसके अतिरिक्त, हरिद्वार बैराज से 96,731 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 1,34,584 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
दूसरी ओर, औरैया जनपद में यमुना नदी के जलस्तर में राहत देखी गई है। सुबह 8:00 बजे औरैया में यमुना का जलस्तर 104.630 मीटर दर्ज किया गया, जिसका रुख घटाव (डिक्रीजिंग) की ओर है। औरैया में चेतावनी स्तर 112.00 मीटर तथा खतरे का निशान 113.00 मीटर है। क्षेत्र में फिलहाल बारिश शून्य (निल) दर्ज की गई है। सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमें लगातार नदियों के प्रवाह और तटवर्ती क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।



