कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
बस दुर्घटना के घायलों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे प्रभारी डीएम विधान जायसवाल, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
खोजाफूल-सिकंदरा हादसे के घायलों से मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में की मुलाकात।

- प्रभारी डीएम और एडीएम प्रशासन ने इलाज में लापरवाही न बरतने के दिए कड़े निर्देश।
- मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को किया निर्देशित।
कानपुर देहात: सिकंदरा क्षेत्र के खोजाफूल के पास हुए बस हादसे में घायल व्यक्तियों का हालचाल जानने के लिए मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला मेडिकल कॉलेज व जिला चिकित्सालय अकबरपुर पहुंचे। अधिकारियों ने भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और मिल रहे उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी और एडीएम प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा संबंधित चिकित्सकों से घायलों की हालत के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने दुर्घटना में दो व्यक्तियों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जय गोविंद, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।



