कानपुर देहात: सहकारी विकास बैंक के चुनाव का बिगुल बजा, जिलाधिकारी ने घोषित किया कार्यक्रम, अधिकारियों की नियुक्तियां जारी
जनवरी से फरवरी तक अलग-अलग चरणों में संपन्न होगा निर्वाचन, डीएम कपिल सिंह ने सुरक्षा और पारदर्शिता के दिए निर्देश

कानपुर देहात के जिला मजिस्ट्रेट और जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी विकास बैंक लिमिटेड की शाखाओं के निर्वाचन हेतु विस्तृत कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से जनपद में बैंक की शाखाओं के प्रतिनिधि, प्रबंध कमेटी के सदस्य और सभापति जैसे महत्वपूर्ण पदों का चयन किया जाएगा।
निर्वाचन की महत्वपूर्ण तिथियां: घोषित कार्यक्रम के अनुसार, शाखा प्रतिनिधियों के निर्वाचन हेतु 15 जनवरी 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। इसके पश्चात प्रबंध कमेटी के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया 6 फरवरी 2026 को संपन्न होगी। अंत में, सभापति, उपसभापति और अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिए 17 फरवरी 2026 की तिथि तय की गई है।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय: जिला मजिस्ट्रेट ने उत्तर प्रदेश सहकारी समिति अधिनियम 1965 की धारा-29(3) और राज्य सहकारी समिति निर्वाचन नियमावली 2014 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए विभिन्न शाखाओं के लिए निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। नियुक्त किए गए अधिकारी निर्वाचन के सफल संचालन हेतु नियमों के अनुरूप सभी शक्तियों का प्रयोग करेंगे और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखा जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन नियमावली 1968 और 2014 में प्रदत्त कर्तव्यों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बैंक की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिल सके।



