डेंटल क्लीनिक पर गलत इलाज का आरोप: युवक की मौत के बाद शव रख परिजनों का हंगामा, धरने पर बैठे ग्रामीण
दांत उखाड़ने के बाद नहीं थमा खून का रिसाव, डॉक्टर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए की कार्रवाई की मांग
रनियां, कानपुर देहात। जनपद के रनियां कस्बे स्थित एक निजी डेंटल क्लीनिक पर kanpur dehat dental death मामले में गलत इलाज और गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। गलत तरीके से दांत उखाड़ने के चलते 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक के मुख्य गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और संचालक डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
दांत उखाड़ने में लापरवाही का आरोप
रनियां थाना क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर लाटा निवासी प्रभात (22) पुत्र करन सिंह शराब फैक्ट्री में कार्य करता था। मृतक के भाई कीरत ने क्लीनिक संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसके भाई को दांत में दर्द की शिकायत थी। 6 अगस्त को वह रनियां के केशव नगर स्थित डेंटल क्लीनिक पर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने दांत उखाड़ने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना जरूरी एहतियात के दांत उखाड़ दिया और सामान्य दवाइयां देकर घर भेज दिया। घर पहुंचने के बाद भी मसूड़े से लगातार खून का रिसाव होता रहा। दोबारा संपर्क करने पर भी डॉक्टर ने लापरवाही बरती और सही सलाह नहीं दी।
हैलट में तोड़ा दम, डॉक्टर पर अनदेखी का आरोप
परिजनों का कहना है कि प्रभात की हालत बिगड़ने पर क्लीनिक संचालक ने उसे आनन-फानन अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन इसके बाद कोई सुध नहीं ली। पूरा चिकित्सीय खर्च परिजनों को खुद उठाना पड़ा। वहां भी सुधार न होने पर युवक को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इलाज कर जान लेने का सीधा आरोप लगाया है।
गेट पर शव रखकर मुआवजे और कार्रवाई की मांग
युवक की मौत से नाराज परिजन शव को सीधे क्लीनिक लेकर पहुंचे और गेट पर रखकर विरोध शुरू कर दिया। kanpur dehat dental death की खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही रनियां थानाध्यक्ष सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



